Posts

सृजन

Image
सुरमे वाले कटीले नैन, उभरे हुए कपोल, सुतवाँ नाक में झूलती नथ, लजीले लबों पर अधखिली मुस्कान, कांधों पर झूलती बलखाती लटें, साँचे में ढला इकहरा बदन... वो गढ़ रहा था एक मूरत प्यारी सी जो अक्सर दस्तक दिया करती थी उसके ख़्वाबों की चौखट पर , चुपके से चुरा लेती थी नींद और छोड़ जाती थी एक अतृप्त प्यास ! दीवाना सा खोया था अपने मनमोहक सृजन में कि सहसा एक स्पर्श , एक एहसास , और साकार हो उठी उसकी कल्पना , एक लम्हा जो जी उठा था और भर गया उसका अधूरापन ... कल कला के पारखी आयेंगें उन्हें दिखाई देगा उसका हुनर , उसकी कला सराहा जायेगा उसका कौशल , उसका फ़न पर कहाँ देख पायेंगे वो रूमानी पल कहाँ जी पायेंगे वो मासूम एहसास दीवाना मुस्कुराएगा उनकी नासमझी पर क्यूंकि मुकम्मल कहाँ होता है कोई सृजन मुहब्बत के बिना ! © विनिता सुराना किरण

प्रेरणा (कहानी)

Image
सभागार करतल ध्वनि से गूँज रहा था , नव्या की आँखों में मिश्रित भाव तैर रहे थे ..... हर्ष था क्योंकि उसकी तपस्या सफल हुई थी और कहीं भीतर एक कौने में टीस भी थी उस बीते समय की जो रह-रह कर अब भी उसकी आँखों के समक्ष अपनी पूरी वीभत्सता के साथ चल-चित्र की भांति घूम जाता है | आज उसके जीवन का सबसे बड़ा दिन था , उसे साहित्य व कला के क्षेत्र में उसके योगदान के लिए एक स्वयंसेवी संस्था द्वारा सम्मानित किया जा रहा था , परन्तु उसकी आँखें उस भीड़ में जिसे तलाश रही थी वो कहीं नज़र नहीं आ रहा था , उसकी यहाँ तक की यात्रा का प्रेरणा स्रोत ....... प्रभात, जो शायद स्वयं भी इस तथ्य से अनभिज्ञ था |              घर तक का रास्ता आज बहुत लम्बा प्रतीत हो रहा था , जाने कब पुरानी यादें एक-एक कर उसके सामने आने लगीं | मध्यमवर्गीय परिवार की लाड़ली बेटी और दो भाइयों की इकलौती बहन नव्या खूबसूरत और प्रतिभाशाली तो थी ही , उसकी सादगी और व्यवहार कुशलता ने शीघ्र ही उसे कॉलेज में लोकप्रिय बना दिया | एक दिन बस स्टॉप से घर के रास्ते में उसका सामना अनूप से हुआ , अचानक य...

उम्मीद

Image
एक अरसे के बाद कुछ अलग से लगे तुम अधूरे नहीं पूरे से फलक पर दिखे तुम.... एक नूर है , नज़ाकत भी , जैसे झोली में फलक की किसी परी ने डाली हो कोई सौगात हसीं ...... खिले-खिले से दूध में नहाए से किसी के ख़्वाबों की ताबीर हो जैसे..... याद है तुम्हें वो रतजगे जब हम बतियाते थे, जाने कितने पहर यूँ ही आँखों में कट जाते थे, तुम सबसे प्यारे दोस्त थे मेरे, तब अक्सर मिलने आते थे मुझसे और रख जाते थे एक उम्मीद मेरी सूनी हथेली में, मैं रख देती थी उसे संभाल कर अपनी डायरी में । फिर एक दिन आंधी चली उठा था बवंडर सा और फलक भी सहम गया था उसके कहर से.... उस धुंधलके में जाने कहाँ गुम हुए तुम कि फिर कभी नज़र नहीं आए मुझे, या मेरी आँखों में उमड़ते गहराते काले बादलों ने ढक दिया तुम्हें ... तब के बिछड़े आज मिले हो एक अरसे बाद तो लगता है कोई शगुन लाए हो, शायद फिर एक उम्मीद सजाने मेरी सूनी हथेली पे .... ©विनिता सुराना किरण 

एक कतरा ज़मीन

Image
और ...... कुछ और .... फिर कुछ और .... ऊँची उड़ान ली ख्वाहिशों ने ! ज़मीन से नाता टूटा और एक दिन आसमां भी छोटा लगने लगा ... होश तो तब आया जब परों ने साथ छोड़ दिया .... मुट्ठी भर आसमां भी अपना न हुआ ... अश्कों में भीगी हैं पर कांधा भी नसीब न हुआ .... उफ्फ ! काश एक कतरा ज़मीन अपने नाम कर ली होती .... थक कर लौट आने के लिए !!!! © विनिता सुराना किरण 

लाल जोड़ा (कहानी)

Image
विवाह का लाल जोड़ा हर लड़की का सपना होता है, जिसे वो खुली आँखों से देखा करती है | वही लाल जोड़ा सुमन के लिए श्राप बन गया था ..... आज वो दुल्हन बनने जा रही है पर न उसकी डोली को कंधा देने के लिए उसके बाबा होंगे न गले लगाकर नम आ ँखों से विदाई देने के लिए माँ, बहन, भाई या सखियाँ ही होंगी | हर दुल्हन की तरह, आने वाले कल के लिए उसकी आँखों में सुनहरे सपने नहीं बस आँसू झिलमिला रहे हैं, और याद आ रहा है वो मनहूस दिन जब उसके कस्बे में शहर से पूरे तीन साल बाद सुरजा काकी का बेटा ब्रिज आया था | हर महीने काकी को मनी आर्डर भेजने वाला ब्रिज जब स्वयं आया तो सारा क़स्बा उसके स्वागत में लग गया जैसे उनका अपना बेटा आया हो | उसी शाम भक्ति संगीत के आयोजन में मंदिर में सुमन और ब्रिज का आमना- सामना हुआ...... सांवली पर तीखे नैन-नक्श वाली सुमन को ब्रिज देखता ही रह गया और उसकी सुरीली आवाज़ ने तो पूरे कस्बे पर पहले से जादू किया हुआ था | एक गरीब किसान की चार संतानों में सबसे बड़ी सुमन सारे कस्बे की लाडली थी, संगीत का कोई भी आयोजन उसके बिना अधूरा माना जाता था | अगले ही दिन ब्रिज उसके घर पहुँच गया सुमन के लिए शहर में एक...

बात

Image
बात ही बात में यूँ बात चली तुम्हारी बात हमारी बात इसकी बात उसकी बात तो बे-बात ही कुछ ऐसी बात हुई और बात-बात में बात ऐसी बिगड़ी कि बात भी न हुई अब क्या बात करें कैसे छेड़े फिर बात कि बात बन जाए ...... ©विनिता सुराना किरण  

दायरे

Image
अपने-अपने दायरों में सिमटे कितनी दूर चले आये हम कहाँ समझे तुम, कहाँ सोचा मैंने, कुछ तुम मेरे जैसे थे और मैं तुम सी ! साथ-साथ चलते रहे पर राहें जुदा सी, एक डोर बंधी थी मगर ढीली सी, न तुमने कसे बंधन न मैं ही बाँध पायी...... तलाशते रहे एक दूजे में, कुछ अनकहे सवालों के जवाब, ढूंढते रहे तपिश, सर्द जज्बातों में....... काश ! सुनी होती वो घुटी सी सदाएँ वो सिसकियाँ तन्हा दिलों की तो तोड़ देते वो बाँध और बह जाने देते सारे गिले-शिकवे जिन्हें न तुम लफ्ज़ दे पायें न मैं ही जुबां पर ला पायी काश ! ऐसा होता तो जान जाते तुम भी और मैं भी ..... कुछ तुम मेरे जैसे थे और मैं तुम सी ! ©विनिता सुराना किरण